चंडीगढ़ रेडक्रॉस ने नेपाल के बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भेजी राहत सामग्री

न्यूज़म ब्यूरो  चंडीगढ़, 4 सितंबर, 2026 : निशांत कुमार यादव, उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी यू.टी. चंडीगढ़ शाखा…
न्यूज़म ब्यूरो 
चंडीगढ़, 4 सितंबर, 2026 : निशांत कुमार यादव, उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी यू.टी. चंडीगढ़ शाखा ने आज नेपाल में हाल ही में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री से भरे दो ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नेपाल रेड क्रॉस सोसाइटी को भेजी जा रही इस राहत सामग्री में आवश्यक दवाइयां, पैकेटबंद खाद्य सामग्री, पेयजल और सैनिटरी पैड शामिल हैं।
इस अवसर पर अमनदीप सिंह भट्टी अतिरिक्त उपायुक्त-सह-सचिव भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी यू.टी. चंडीगढ़ शाखा तथा पूनम मलिक नोडल अधिकारी भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा भी उपस्थित थीं।
उपायुक्त-सह-अध्यक्ष ने नेपाल के लोगों के प्रति गहरी संवेदना एवं एकजुटता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मानवीय सहायता उपलब्ध करवाना दानदाताओं के उदार सहयोग से ही संभव हो पाता है।
इस नेक कार्य में रेड क्रॉस का सहयोग करने के लिए आगे आए मैसर्स एविएट इंटीग्रेटेड प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स गुरु नानक गीता कैलाश मेमोरियल फाउंडेशन, फोटोग्राफर्स हेल्पिंग हैंड्स तथा श्रीमती कशिश महाजन को उनकी निस्वार्थ मानवीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न समाजसेवियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत सामग्री जुटाने के लिए नोडल अधिकारी पूनम मलिक के प्रयासों की भी सराहना की।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा ने नागरिकों एवं संस्थाओं से उसकी मानवीय पहलों में निरंतर और उदारतापूर्वक योगदान देने की अपील की।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh