ग्रुप हाउसिंग के स्थलों की नीलामी की संभावना पर विचार करे हाउसिंग बोर्ड : प्रशासक कटारिया

  चंडीगढ़, 07 दिसम्बर : पंजाब के राज्यपाल तथा चण्डीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज शहर के…
 
चंडीगढ़, 07 दिसम्बर : पंजाब के राज्यपाल तथा चण्डीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज शहर के विभिन्न प्रमुख परियोजना स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख आवास परियोजनाओं, प्रगति पर चल रही विकास योजनाओं, बल्क मैटेरियल साइट तथा समूह आवास स्थलों का निरीक्षण कर चण्डीगढ़ की नागरिक आधारभूत संरचना, नगरीय नियोजन तथा सामाजिक वातावरण की समग्र समीक्षा की।
 
अपने दौरे के दौरान राज्यपाल ने आईटी पार्क, मनीमाजरा (पॉकेट नं. 6) स्थित आईटी हैबिटेट परियोजना स्थल, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की संजय कालोनी, सेक्टर 43 के सरकारी आवास स्थल, सेक्टर 43 के सब-सिटी सेंटर, सेक्टर 53 में चण्डीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की परियोजना, सेक्टर 54 में हाल ही में खाली करवाई गई फर्नीचर मार्केट की भूमि तथा सेक्टर 54 की आदर्श कालोनी का दौरा किया। सेक्टर 53 और 54 में चण्डीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने समूह आवास के लिए स्थलों की नीलामी की संभावना पर विचार करने के निर्देश दिए, ताकि विकास की गति तेज हो और भूमि का कुशल उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। 
 

 

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य खाली एवं चिह्नित भूखंडों का सतत शहरी आवास और जन-कल्याण परियोजनाओं के लिए प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना था। राज्यपाल ने विशेष रूप से सेक्टर 43 के 70 एकड़ मिश्रित-भू-उपयोग विकास क्षेत्र और सेक्टर 54 की फर्नीचर मार्केट से प्राप्त भूमि के लिए उचित ज़ोनिंग, नियोजित उपयोग तथा भविष्य उन्मुख विकास की आवश्यकता पर बल दिया। 
सेक्टर 43 में सरकारी कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित किराए पर आवास परियोजना की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना में आवश्यक सेवा सुविधाओं—धोबी सेवाएं, किराना दुकानें तथा अन्य मूलभूत व्यावसायिक स्थान—को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में बनने वाली आवास योजनाओं में सरकारी कर्मचारियों के लिए इन-हाउस आवंटन की समर्पित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि हाउस रेंट अलाउंस पर निर्भरता कम हो और प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़े।
 
 

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने सेक्टर 56 स्थित बल्क मैटेरियल मार्केट का भी दौरा किया, जो क्षेत्र की निर्माण एवं सप्लाई प्रणाली के लिए एक महत्वपूर्ण 55 एकड़ का वाणिज्यिक केंद्र है। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर संचालन संबंधी चुनौतियों की जानकारी ली तथा पारदर्शिता, सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली और विनियमित बाजार व्यवस्था के पालन पर जोर दिया। 
उपायुक्त ने अवगत कराया कि इस प्रस्तावित स्थल पर धनास के मार्बल व्यापारियों तथा फर्नीचर मार्केट के दुकान मालिकों को प्राथमिकता के आधार पर स्थान आवंटित करने का सुझाव है। उन्होंने यह भी बताया कि व्यापारियों की लागत को कम करने और स्थान के बेहतर उपयोग के लिए प्रत्येक प्लॉट पर तीन मंजिला भवन निर्माण की अनुमति प्रदान की गई है।
 
राज्यपाल ने बेअंत सिंह मेमोरियल, सेक्टर-42 का भी निरीक्षण किया और वहां पहले से निर्मित भवनों के बेहतर उपयोग और जन-सुलभता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव मांगे। राज्यपाल के साथ चण्डीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, राज्यपाल पंजाब के प्रधान सचिव विवेक प्रताप सिंह, उपायुक्त चण्डीगढ़ निशांत कुमार यादव, सीईओ चण्डीगढ़ हाउसिंग बोर्ड प्रदीप कुमार, मुख्य वास्तुकार राजीव मेहता, मुख्य अभियंता सी.बी. ओझा तथा यूटी चंडीगढ़ प्रशासन के सूचना जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव तिवारी सहित चण्डीगढ़ प्रशासन, हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh